समाधान एक दिन-तत्काल में 2 लाख 26 हजार आवेदन का निराकरण

भोपाल के कोलार में ‘आदर्श’ लोक सेवा केन्द्र स्थापित

अब तक ‘समाधान एक दिन-तत्काल’ व्यवस्था में 2 लाख 26 हजार से अधिक आवेदनों का निराकरण कर नागरिकों को सेवाएँ प्रदान की जा चुकी हैं। व्यवस्था को माह फरवरी, 2018 से जिला मुख्यालय और मार्च, 2018 से प्रदेश के सभी लोक सेवा केन्द्रों से शुरू किया गया है। लोक सेवा केन्द्र, कोलार भोपाल को ‘समाधान एक दिन” के लिये आदर्श लोक सेवा केन्द्र के रूप में स्थापित किया गया है।

नागरिकों को ‘एक्रास द काउंटर-सेम डे” सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य शासन द्वारा ‘समाधान एक दिन’ व्यवस्था शुरू की गई है। वर्तमान में 34 सेवाओं को इसमें शामिल किया गया है। व्यवस्था के क्रियान्वयन के परिणाम स्वरूप जहाँ नागरिकों को तत्काल सेवा प्रदाय करना शुरू हुआ है, वहीं शासन तंत्र में पारदर्शिता के साथ एक जवाबदेह व्यवस्था का भी निर्माण हुआ है।

सेवाओं को तत्काल देने के लिये प्रत्येक लोक सेवा केन्द्र पर कलेक्टर द्वारा प्राधिकृत अधिकारी द्वारा चिन्हित सेवाएँ नागरिकों को प्रदाय की जा रही हैं। सेवाओं के आवेदन लोक सेवा केन्द्र में प्रतिदिन शासकीय अवकाश छोड़कर सुबह 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक लिये जाने की व्यवस्था है। रोजाना 1.30 बजे तक प्राप्त होने वाले आवेदनों का निराकरण उसी दिन तथा 1.30 बजे के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों का निराकरण अगले कार्य दिवस में किया जाता है।

नागरिकों की सुविधा और पुन: सेवा प्राप्त करने लोक सेवा केन्द्र नहीं आना पड़े, इस दृष्टि से व्हाट्स-अप और ई-मेल से भी नागरिकों को प्रमाण-पत्र भेजने की व्यवस्था की गई है। प्राधिकृत अधिकारी के परफार्मेंस विश्लेषण के लिये रैंकिंग और डेशबोर्ड तैयार किया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.