कोलारस विधानसभा उपचुनाव और मुंगावली विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस  जीती, भाजपा ने मुंह की खाई

भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने कोलारस विधानसभा उपचुनाव और मुंगावली विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज की है। मुंगावली विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बृजेंद्र सिंह यादव ने भाजपा उम्मीदवार बाई साहब को 2124 वोटों के अंतर से हराया। वहीं कोलारस विधानसभा उपचुनाव में भी कांग्रेस ने विजय दर्ज की। कोलारस में मतगणना पूरी होने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव 8083 मतों से जीत दर्ज की है। कांग्रेस उम्मीदवार को कुल 82515 मत और भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र जैन को कुल 74432 मत मिले।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, “अशोकनगर के मुंगावली विधानसभा क्षेत्र की मतगणना पूरी हो गई है। 19 दौर की मतगणना के बाद कांग्रेस उम्मीदवार बृजेंद्र यादव ने बाई साहब पर 2124 की अंतिम बढ़त बना ली है। निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस उम्मीदवार की जीत की घोषणा कर दी है।”

मुंगावली में कांग्रेस के उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह यादव को 70808 वोट हासिल हुए, वहीं भाजपा प्रत्याशी को 68684 वोट मिले।

इसी तरह शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव ने जीत हासिल की है। महेंद्र ने भाजपा उम्मीदवार देवेंद्र जैन को 8086 वोटों के अंतर से परास्त किया। यादव को कुल 82518 वोट मिले, जबकि भाजपा के जैन को 73342 मत मिले।

दोनों विधानसभा क्षेत्रों पर गौर करें तो एक बात साफ हो जाती है कि कोलारस में भाजपा लगातार पीछे चली। मुंगावली में शुरुआत में भाजपा आगे थी। उसके बाद पिछड़ी तो आगे नहीं निकल पाई।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 10वें दौर की मतगणना में दोनों स्थानों पर कांग्रेस आगे चल रही है। कोलारस में कांग्रेस प्रत्याशी महेंद्र सिंह यादव को 37,370 वोट मिले हैं जबकि भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र जैन को 33,945 वोट मिले हैं। मुंगावली में कांग्रेस उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह यादव को 37,708 वोट जबकि भाजपा की बाई साहब को 34,106 वोट मिले हैं।

शिवपुरी जिले के कोलारस विधानसभा उपचुनाव और अशोक नगर जिले के मुंगावली विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हो गई थी। कोलारस उपचुनाव के लिए 23 राउंड मतगणना हुई जबकि मुंगावली में 19 राउंड में मतों की गणना हुई। कोलारस उपचुनाव में 22 और मुंगावली में 13 उम्मीदवार चुनावी मैदान में आमने-सामने हैं।

प्रदेश के शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा क्षेत्र और अशोकनगर जिले की मुंगावली विधानसभा के उपचुनाव परिणाम को बड़ी ही संजीदगी से देखा जा रहा है क्योंकि इस साल के अंत में मध्य प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसलिए इस उपचुनाव को आम चुनाव का सेमीफाइनल कहा जा रहा है। दोनों विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के लोकसभा क्षेत्र गुना का हिस्सा हैं।

दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 24 फरवरी को मतदान हुआ था। मुंगावली में 77.05 प्रतिशत और कोलारस में 70.4 प्रतिशत मतदान हुआ था। मुंगावली में कुल 13 उम्मीदवार जबकि कोलारस में कुल 22 प्रत्याशी चुनावी समर में भाग्य आजमा रहे हैं।

कोलारस में कांग्रेस के विधायक राम सिंह यादव और मुंगावली में कांग्रेस के विधायक महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा के निधन के कारण उपचुनाव कराने पड़े हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.