इस वर्ष प्रदेश में एक लाख नये पदों पर भर्ती की जायेगी – मुख्यमंत्री श्री चौहान

पन्ना जिले में डायमण्ड पार्क बनेगा
मुख्यमंत्री द्वारा पन्ना में कलेक्ट्रेट के नव-निर्मित कम्पोजिट भवन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पन्ना में जिला कलेक्ट्रेट के 7 करोड़ 12 लाख रुपये की नव-निर्मित कम्पोजिट भवन का लोकार्पण और 196 करोड़ 37 लाख रुपये लागत की मझगांय ग्रामीण समूह जल-प्रदाय योजना का भूमि-पूजन किया। उन्होंने इस अवसर पर 320 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण तथा भूमि-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को 3 करोड़ से भी अधिक के हितलाभ वितरित किये।

घोषणाएँ

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर जिला-स्तरीय अंत्योदय मेले में घोषणा की कि पन्ना जिले में शानदार डायमण्ड पार्क बनाया जायेगा। जिला चिकित्सालय का 300 बिस्तर के अस्पताल में उन्नयन किया जायेगा। अजयगढ़, ककरहटी और देवेन्द्र नगर की नगर परिषदों को विकास कार्यों के लिये एक-एक करोड़ और पन्ना नगरपालिका को दो करोड़ रुपये दिये जायेंगे। अजयगढ़ के शासकीय महाविद्यालय में विज्ञान संकाय का नया भवन बनवाया जायेगा और अमानगंज के शासकीय महाविद्यालय में विज्ञान विषय की कक्षाएँ प्रारंभ करवाई जायेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्ना जिले में राजस्व और वन सीमा संबंधी विवादों का निराकरण युक्ति-युक्तकरण पद्धति से सुनिश्चित किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने अंत्योदय मेले में मौजूद अपार जन-समूह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में इस वर्ष एक लाख नये पदों पर भर्ती की जायेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिये शिक्षकों की भर्ती में 50 और पुलिस भर्ती में 33 प्रतिशत पद आरक्षित रहेंगे। मुख्यमंत्री ने असंगठित श्रमिकों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलवाने के लिये क्रियान्वित योजना और किसान-कल्याण एवं कृषि विकास की विभिन्न योजनाओं तथा निर्णयों की जानकारी भी दी।

बजट का 50% गरीब कल्याण के लिये

श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के वार्षिक बजट का 50 प्रतिशत हिस्सा अब गरीबों के कल्याण कार्यक्रमों पर खर्च किया जायेगा। राज्य सरकार श्रमिकों को सभी जरूरी सुविधाएँ और सहायता उपलब्ध करवायेगी। उन्होंने बताया कि गुंडा तत्वों पर कठोर कार्यवाही की जा रही है। दुराचारियों को फाँसी की सजा देने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

अंत्योदय मेले में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले, जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती ललिता यादव, बुंदेलखण्ड विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया और उपाध्यक्ष श्री महेन्द्र सिंह बागरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रविराज सिंह यादव, नगरपालिका अध्यक्ष श्री मोहनलाल कुशवाहा एवं अन्य जन-प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.